Ranchi : रांची में रामनवमी और महावीर जयंती के अवसर पर सीएम हेमंत सोरेन शुक्रवार को प्रसिद्ध श्रीराम-जानकी तपोवन मंदिर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। दोनों ने भगवान राम-जानकी की पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख-समृद्धि, शांति और एकता की कामना की।
भक्तों के बीच स्वागत, गूंजे जय श्रीराम के नारे
मंदिर पहुंचने पर महावीर मंडल के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने सीएम का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्हें भगवा पटका पहनाया गया और ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। इस दौरान सीएम ने भगवान राम के आदर्शों और हनुमान जी के त्याग व समर्पण को याद करते हुए कहा कि इनके जीवन से हमें सत्य, न्याय और कर्तव्य का मार्ग मिलता है।

सौंदर्यीकरण कार्य जल्द पूरा करने की अपील
सीएम ने मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर बताते हुए कहा कि इसका काम जल्द पूरा होना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस स्थल को भव्य रूप में देख सकें। उन्होंने कहा कि रामनवमी सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक भी है।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
सीएम ने राज्यवासियों से अपील की कि वे पर्व को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि रामनवमी के जुलूस और शोभायात्राएं समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देती हैं, इसलिए सभी को मिल-जुलकर इस पर्व को मनाना चाहिए।

