West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से राज्य में डबल इंजन वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने की अपील की। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी सरकार ही सभी के लिए न्याय सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने कहा, “जो लोग कहते हैं कि बंगाल में उर्दू बोली जाएगी, उनसे कह दो कि उर्दू जहां बोली जाती है वहां जाएं, बंगाल में बांग्ला ही बोली जाएगी।”
फिरहाद हकीम के बयान पर दिया जवाब
दरअसल, योगी आदित्यनाथ का यह बयान कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के एक वायरल वीडियो के बाद आया। वीडियो में फिरहाद हकीम कहते नजर आ रहे हैं कि एक दिन बंगाल की आधी आबादी उर्दू बोलेगी। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में वह कहते सुनाई दे रहे हैं, “इंशाल्लाह, बंगाल में एक दिन ऐसा आएगा जब आधी आबादी उर्दू बोलेगी।” हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया था।
टीएमसी पर भाषा और पहचान खत्म करने का आरोप
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस बांग्ला भाषा और बंगाल की पहचान को खत्म करना चाहती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस साजिश को सफल नहीं होने देना है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस जैसी महान हस्तियों की भूमि है। लेकिन वर्तमान सरकार इन विभूतियों का सम्मान नहीं करती, जिससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान खतरे में पड़ रही है।
बंगाल को बताया गुंडागर्दी का केंद्र
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल अब गुंडागर्दी का केंद्र बन गया है, जैसा उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने के बाद न दंगे हुए और न ही कर्फ्यू लगा। माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और कानून व्यवस्था मजबूत हुई। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी एक समुदाय का तुष्टिकरण नहीं किया जाता, बल्कि सभी के लिए समान न्याय सुनिश्चित किया जाता है।
सत्ता में आए तो अपराध पर लगेगी रोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर बीजेपी पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो अत्याचार, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चुप हैं, क्योंकि उन्हें वोट बैंक की चिंता है।
घुसपैठ और किसानों के मुद्दे पर भी हमला
सीएम योगी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में घुसपैठ बढ़ी है, जिससे पश्चिम बंगाल की जनसंख्या संरचना में बदलाव आया है। उन्होंने किसानों के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ लाखों लोगों को मिला है, जबकि पश्चिम बंगाल में इन योजनाओं की स्थिति चिंताजनक है।
दो चरणों में होगा मतदान
योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
