West Bengal Election: पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नादिया में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए आतंकियों को करारा जवाब दिया, जबकि पहले की सरकारें आतंकवादियों के प्रति नरम रुख अपनाती थीं।
कांग्रेस और ममता पर तीखा हमला
अमित शाह ने कहा, “एक समय था जब देश में कांग्रेस और ममता बनर्जी की सरकार थी, तब ये लोग आतंकवादियों को बिरयानी खिलाते थे। लेकिन पीएम मोदी ने आतंकियों को मिट्टी में मिला दिया।” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
उरी, पुलवामा और पहलगाम का किया जिक्र
गृह मंत्री ने कहा, “2014 में जब पीएम मोदी की सरकार आई, उसके बाद उरी हमला हुआ तो हमने सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलवामा हमला हुआ तो एयरस्ट्राइक की। और पहलगाम हमला हुआ तो पाकिस्तान के घर में घुसकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया।” उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने देश को आतंकवाद और नक्सलवाद से काफी हद तक मुक्त कराया है।
घुसपैठियों को बाहर निकालने का दावा
अमित शाह ने ममता बनर्जी पर घुसपैठ के मुद्दे पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ‘SIR’ लगाकर घुसपैठियों के नाम हटाने का विरोध कर रही हैं। शाह ने कहा, “दीदी, आपका समय अब खत्म हो चुका है। 4 तारीख को बीजेपी की सरकार आ रही है। बीजेपी का मुख्यमंत्री पद संभालते ही हम सिर्फ वोटर लिस्ट से ही नहीं, बल्कि बंगाल की धरती से भी घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे।”
PM मोदी ने भी साधा था ममता सरकार पर निशाना
अमित शाह से पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ममता सरकार पर हमला बोला था। एक चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी की निर्ममता ने बंगाल की पहचान ‘मां, माटी और मानुष’ को गहरा नुकसान पहुंचाया है।
‘मां-माटी-मानुष’ के नाम पर सत्ता, लेकिन वादे भूल गई TMC
प्रधानमंत्री ने कहा, “15 साल पहले टीएमसी ‘मां-माटी-मानुष’ का नारा देकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज उनके मुंह से ये शब्द तक नहीं निकलते। अगर वे इसका जिक्र करेंगे, तो उनके पाप सामने आ जाएंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने मां को रुलाया, माटी को सिंडिकेट और घुसपैठियों के हवाले कर दिया और आम लोगों को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।
बंगाल फिर बन सकता है देश का नंबर वन राज्य
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के पास अपार संभावनाएं हैं और यह राज्य फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद करते हुए उन्होंने कहा, “नेताजी ने कहा था—तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। आज बंगाल को आपके एक वोट की जरूरत है। आप हमें वोट दीजिए, हम आपको टीएमसी से आजादी दिलाएंगे।”

