Dhanbad Fire News : धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में मंगलवार को आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। वार्ड नंबर 1 के राजबाड़ी रोड स्थित बाउरी टोला (Bauri Tola) में रामजी गोप के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तेज रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गृहस्वामी के अनुसार, आग से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए। बाद में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रास्ता संकीर्ण होने के कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में देरी हुई, जिससे नुकसान ज्यादा हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। कुछ लोग Short Circuit की आशंका जता रहे हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक शत्रुघ्न महतो और वार्ड पार्षद मधुबाला भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अग्निशमन विभाग (Fire Department) के चालक रामेश्वर उरांव ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए गए और तीन दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाई गई। उन्होंने बताया कि घर के अंदर बड़ी मात्रा में उपले रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया।
सूचना मिलने पर Police भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

