JTET 2026 : झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के लिए Online आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
करीब 10 साल बाद यह परीक्षा फिर से आयोजित हो रही है। पिछली बार वर्ष 2016 में JTET हुई थी, ऐसे में लंबे इंतजार के बाद युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
नई नियमावली-2026 के तहत अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में विशेष छूट दी गई है। परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा में 9 साल की राहत दी गई है। इससे उन अभ्यर्थियों को फायदा मिलेगा, जो पहले परीक्षा नहीं होने के कारण उम्र सीमा पार कर चुके थे।
यह परीक्षा दो स्तरों पर होगी। पहला स्तर कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक) और दूसरा स्तर कक्षा 6 से 8 (उच्च प्राथमिक) के लिए आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार एक या दोनों स्तरों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वर्ष 2024 में आवेदन कर चुके उम्मीदवारों को इस बार फिर से आवेदन करना होगा। उन्हें भाषा-1 और भाषा-2 का चयन दोबारा करना होगा और अपनी जानकारी Update करनी होगी। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, लेकिन पहले ही दिन कई अभ्यर्थियों ने वेबसाइट धीमी चलने और खुलने में दिक्कत की शिकायत की है। अधिकारियों ने सलाह दी है कि अभ्यर्थी अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय-समय पर वेबसाइट पर प्रयास करते रहें।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय बाद परीक्षा होने से यह एक बड़ा अवसर है। उम्र सीमा में छूट और दो स्तरों पर परीक्षा से उनके लिए संभावनाएं बढ़ी हैं, हालांकि तकनीकी समस्याओं (Technical problems) को जल्द ठीक करने की जरूरत है।

