Dhanbad traffic : धनबाद में गोविंदपुर रोड पर एलिवेटेड ब्रिज निर्माण के कारण लगने वाले जाम से परेशान लोगों को राहत देने के लिए Police ने सख्ती शुरू कर दी है। आज यानी शनिवार को SSP प्रभात कुमार खुद सड़क पर उतरे और हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान SSP ने पाया कि अव्यवस्थित ट्रैफिक और सड़क किनारे अतिक्रमण जाम की बड़ी वजह हैं। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही Traffic व्यवस्था सुधारने के लिए कई अहम निर्देश दिए।
सबसे बड़ा फैसला यह लिया गया कि धनबाद से गोविंदपुर जाने वाले मार्ग पर हाईवे के एक प्रमुख कट को तुरंत बंद कर दिया जाए। अब सभी वाहनों को रंगडीह मोड़ होकर गुजरना होगा।
इसके अलावा सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले-खोमचे और दुकानों के खिलाफ रोजाना अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। SSP ने साफ कहा कि सड़कों को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा।
साथ ही, सड़क पर गलत तरीके से खड़े या लावारिस वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान ही कई वाहनों को जब्त कर थाने भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से उम्मीद है कि आने वाले दिनों में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

