Ranchi News: राजधानी रांची में एक बार फिर कारोबारियों को निशाना बनाते हुए रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस बार कंस्ट्रक्शन कंपनी कशिश डेवलपर्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अजीत चौधरी को अपराधियों ने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी है।
इस संबंध में अजीत चौधरी की ओर से अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और धमकी देने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज से मिली धमकी
FIR के मुताबिक 14 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे से अजीत चौधरी के मोबाइल पर लगातार व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज आने लगे। कॉल करने वालों ने खुद को एक आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताते हुए पांच करोड़ रुपये की मांग की।
अपराधियों ने साफ तौर पर कहा कि अगर सात दिनों के भीतर रकम नहीं दी गई, तो अंजाम गंभीर होगा।
जान से मारने की धमकी
धमकी देने वालों ने यह भी कहा कि अजीत चौधरी की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और कहीं भी उन पर हमला किया जा सकता है।
लगातार आ रहे कॉल और मैसेज से अजीत चौधरी और उनका परिवार दहशत में है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल की डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

