Ranchi : रांची में आर्मी और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली इनपुट के आधार पर रांची पुलिस हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी SP ने त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। इस टीम का नेतृत्व सिटी DSP ने किया।
इसके बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस और चुटिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी अरविंद प्रसाद को गिरफ्तार किया गया। वह बिहार के आरा का रहने वाला है और फिलहाल रांची के चुटिया स्थित शारदा कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को आर्मी और MES में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 70 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। छापेमारी के दौरान उसके पास से कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा था। बरामद सामान में फर्जी आईडी कार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, MES के नकली पहचान पत्र, आधार और पैन कार्ड, ट्रेनिंग बुकलेट, जॉइनिंग लेटर और विभिन्न फर्जी प्रमाण पत्र शामिल हैं। इसके अलावा, अलग-अलग नामों से बनाए गए खेल प्रमाण पत्र भी मिले हैं।
इस मामले में मुन्ना कुमार की शिकायत के आधार पर चुटिया थाना में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में सीनियर DSP के.वी. रमण, चुटिया थानेदार पुनम कुजूर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

