Ranchi : झारखंड के आसमान में आंशिक बादल छाए हुए हैं। रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, 30 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 31 मार्च को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों को छोड़कर अन्य हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है। इसका असर पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में देखने को मिलेगा।
तापमान सामान्य से ऊपर
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में झारखंड के अधिकतर शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। दिन और रात दोनों में गर्मी महसूस की गई। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहा, लेकिन रात में हल्की उमस महसूस हुई। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जहां रात का तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक रहा।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, गुमला सबसे ठंडा
राज्य में सबसे अधिक गर्मी डाल्टनगंज में रही, जहां पारा 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री दर्ज किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री रहा। वहीं, गुमला में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। चाईबासा में अधिकतम तापमान 37.6 और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश का हाल
राज्य में पिछले 24 घंटे में अधिकांश इलाकों में बारिश नहीं हुई। केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिली है।

