Iran USA War: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका, ईरान और पाकिस्तान के बीच अहम त्रिपक्षीय बातचीत शुरू हो गई है। यह वार्ता ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में हुए सीजफायर के बाद क्षेत्र में शांति बनाए रखने की कोशिशें तेज हो गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बातचीत शुरू होने की पुष्टि करते हुए कहा कि वार्ता आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है।
युद्ध खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में युद्ध को पूरी तरह खत्म करने, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर सहमति बनाने और आगे के सुरक्षा ढांचे पर चर्चा की जा रही है। इस बातचीत में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। राउंड टेबल मीटिंग में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, जेरेड कुशनर, ईरान के मोहम्मद बाघेर गालिबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और पाकिस्तान की ओर से सेना प्रमुख आसिम मुनीर शामिल हैं।
तेल आपूर्ति पर ट्रंप का बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने तेल आपूर्ति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े समुद्रों में कई जहाज अमेरिका की ओर तेल लोड करने के लिए आ रहे हैं और अमेरिका के पास तेल की कोई कमी नहीं है।
होर्मुज स्ट्रेट जल्द खुलने का दावा
ट्रंप ने भरोसा जताते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट जल्द ही खुल जाएगा। हालांकि उन्होंने ईरान पर निशाना साधते हुए उसे एक विफल देश बताया। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान ईमानदारी से बातचीत कर रहा है, तो उन्होंने कहा कि इसका जवाब जल्द ही सामने आ जाएगा।
नतीजे को लेकर ट्रंप ने जताई अनिश्चितता
बातचीत के नतीजे को लेकर ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि आज की बातचीत का परिणाम क्या होगा। उन्होंने कहा कि जो होगा देखा जाएगा। अगर बात नहीं बनी तो फिर से नई शुरुआत की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका हर स्थिति के लिए तैयार है।
बातचीत के साथ दबाव की रणनीति भी जारी
ट्रंप के बयानों से साफ है कि अमेरिका एक तरफ बातचीत कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ दबाव की रणनीति भी बनाए हुए है। अब इस्लामाबाद में चल रही यह बातचीत तय करेगी कि क्षेत्र में शांति कायम रहेगी या फिर तनाव और बढ़ सकता है।

