New Guidelines for Sarhul and Ram Navami: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने सरहुल और चैत्र रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्राओं के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है।
जारी निर्देशों के अनुसार, शोभायात्रा के समय बिजली कटौती को न्यूनतम रखा जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही, जिन मार्गों से शोभायात्रा गुजरेगी, वहां पर्याप्त संख्या में विद्युत कर्मियों (Electricians) की तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से Transformer और अन्य बिजली उपकरणों के आसपास चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे और अस्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी।
SOP में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शोभायात्रा के दौरान ऊंचे वाहनों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। झंडे, वाहन, साउंड सिस्टम और झांकियों की ऊंचाई 13 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा, बसों और ट्रकों जैसे बड़े वाहनों की छत पर बैठकर झंडा लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा। झंडा लगाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है, ताकि वह बिजली के हाईटेंशन तारों के संपर्क में न आए।
JBVNL ने आयोजन समितियों को निर्देश दिया है कि वे पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स तैनात करें, जिससे शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।

