Ranchi : आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड भाजपा की नई प्रदेश टीम घोषित कर दी गई है। पार्टी कार्यालय द्वारा जारी सूची में 9 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 9 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। पार्टी ने दीपक बंका को दोबारा कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं हेमंत दास को फिर से कार्यालय मंत्री बनाया गया है और सूरज चौरसिया को सह कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है।
उपाध्यक्षों की सूची
प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर राकेश प्रसाद को फिर से मौका मिला है। इनके अलावा नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, डॉ प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू और गीता कोड़ा को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है।
महामंत्री और मंत्री
महामंत्री पद पर गणेश मिश्रा को फिर से जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह को भी महामंत्री बनाया गया है। प्रदेश मंत्रियों में दिलीप वर्मा, शैलेंद्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव और शालिनी को शामिल किया गया है। यह सूची प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के हस्ताक्षर से जारी की गई है और इसे पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति मिली है। जल्द ही भाजपा के विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों की घोषणा भी की जाएगी।
हाल ही में बने थे प्रदेश अध्यक्ष
गौरतलब है कि आदित्य साहू को 13 जनवरी को हुए चुनाव के बाद 14 जनवरी को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया था। पार्टी ने इस टीम में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन का ध्यान रखने की कोशिश की है।

