Hazaribagh : हजारीबाग में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने जलपथ प्रमंडल बरही के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों को 1.72 लाख रुपये लेते समय पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई गिरीडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के रहने वाले ब्रजेश कुमार राय की शिकायत के आधार पर की गई।
कैसे सामने आया मामला
ब्रजेश कुमार राय ने ACB को बताया कि उनकी कंपनी गंगा कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड को पंचखेरो रिजर्वायर योजना के तहत निर्माण कार्य मिला है। इसमें सड़क, पैरापेट, बैरियर, ड्रेन और बाउंड्री पिलर बनाने का काम शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो उनसे संशोधित एग्रीमेंट और अब तक हुए भुगतान के नाम पर एक-एक प्रतिशत राशि मांग रहे थे। साथ ही उड़नदस्ता टीम के नाम पर चार लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। कुल मिलाकर करीब पांच लाख रुपये रिश्वत देने का दबाव बनाया जा रहा था। पैसे नहीं देने पर भुगतान रोकने और काम में बाधा डालने की धमकी भी दी जा रही थी।
जांच में सही पाए गए आरोप
एसीबी ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए गए कि दोनों अधिकारी मिलकर रिश्वत की मांग कर रहे थे। सत्यापन के दौरान 1.72 लाख रुपये तुरंत देने की बात सामने आई। इसके बाद एसीबी ने 8 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया और ट्रैप टीम का गठन किया।
रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
गुरुवार को दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में एसीबी टीम ने कार्रवाई की। जैसे ही दोनों अधिकारियों ने शिकायतकर्ता से 1.72 लाख रुपये लिए, उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। एसीबी अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच कर रही है।

