Koderma : कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक फर्नीचर गोदाम में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना करमा अंबाकोला रोड स्थित एक गोदाम की है, जहां देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को खबर दी गई। दमकल की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन गोदाम में रखे फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे का समय लग गया। मिली जानकारी के अनुसार यह गोदाम करमा निवासी जफीर अंसारी का है। आग की इस घटना में लकड़ी के फर्नीचर, अलमारी, फ्रिज, कूलर समेत कई महंगे सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। गोदाम मालिक के अनुसार इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों ने आग लगने की वजह गोदाम के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार को बताया है। उनका कहना है कि तार काफी नीचे लटका हुआ था, जिससे यह हादसा हुआ।

