New Delhi : राजधानी नई दिल्ली के पालम इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दक्षिण-पश्चिमी जिले के साध नगर में एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने 9 लोगों की जान ले ली, जिनमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। कई लोग घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
सुबह-सुबह मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, आग सुबह करीब 7 बजे के आसपास लगी। बताया जा रहा है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने कॉस्मेटिक शोरूम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। इमारत के अंदर धुआं भर गया, जिससे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कई लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे, तो कुछ ने जान बचाने के लिए ऊपर से छलांग तक लगा दी।
30 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आ गया। करीब 30 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
एक ही इमारत में शोरूम और घर
बताया जा रहा है कि यह 5 मंजिला इमारत थी, जिसमें नीचे के दो फ्लोर पर कपड़ा और कॉस्मेटिक का शोरूम चल रहा था। वहीं, शोरूम मालिक राजेन्द्र कश्यप का परिवार ऊपर की मंजिलों पर रहता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि घर के अंदर ही शोरूम बनाया गया था, जो इस हादसे की बड़ी वजह बन सकता है।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। उस वक्त घर में मौजूद लोग सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला। हालांकि, असली कारणों का पता जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
9 लोगों की गई जान, कई घायल
इस दर्दनाक हादसे में कुल 9 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में प्रवेश (33), कमल (39), आशु (35), लाडो (70), हिमांशी (22), दीपिका (28) और तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं सचिन (29), अनिल (32) और एक 2 साल की बच्ची समेत कई लोग घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है और इसकी मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार मौके पर काम कर रही हैं।
उपराज्यपाल ने भी जताया दुख
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि वे इस हादसे से बेहद दुखी हैं और राहत-बचाव कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

