Bokaro/Palamu/Garhwa : झारखंड के कई शहरों में मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ, जहां नवनिर्वाचित मेयर, अध्यक्ष और पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने शहर को साफ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प लिया।
चास नगर निगम में मेयर और पार्षदों ने ली शपथ
बोकारो के चास नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी अजय नाथ झा ने नवनिर्वाचित मेयर भोलू पासवान और 35 वार्डों के पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर के विकास, स्वच्छता और पारदर्शिता के साथ काम करने की बात कही।
डीसी ने दी बधाई, विकास पर दिया जोर
इस मौके पर डीसी अजय नाथ झा ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ कहा कि शहर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था और विकास कार्यों में तेजी लाना जरूरी है।

फुसरो नगर परिषद में भी हुआ शपथ ग्रहण
फुसरो नगर परिषद में नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मला देवी और पार्षदों को डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने शपथ दिलाई। यहां भी सभी जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करने की बात कही।
मेयर भोलू पासवान ने कहा…
नवनिर्वाचित मेयर भोलू पासवान ने कहा कि वे सभी पार्षदों के साथ मिलकर चास नगर निगम को एक बेहतर शहर बनाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और काम में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी।
पलामू में भी मेयर और पार्षदों ने संभाली जिम्मेदारी
पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम में भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। यहां कमिश्नर कुमुद सहाय ने मेयर और पार्षदों को शपथ दिलाई। डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव में मनोज सिंह निर्विरोध चुने गए, जिसके बाद मेयर अरुणा शंकर ने उन्हें शपथ दिलाई। खास बात यह है कि अरुणा शंकर लगातार दूसरी बार मेयर बनी हैं। शपथ के बाद मनोज सिंह के नेतृत्व में जुलूस भी निकाला गया।
गढ़वा में डीसी ने दिलाई शपथ
गढ़वा में समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में डीसी दिनेश यादव ने नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गढ़वा का विकास तभी संभव है, जब सभी जनप्रतिनिधि समाजहित में मिलकर काम करें।

