Police criminal encounter in Palamu : पलामू जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी फैज खान के पैर में गोली लग गई। यह मुठभेड़ पांकी और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात प्राइवेट बस स्टैंड के पास स्थित शताब्दी मार्केट में गुड्डू खलीफा उर्फ समीर खलीफा की गोली मारकर हत्या (Murder) कर दी गई थी। इस मामले में फैज खान और उसके साथियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान Police को सूचना मिली कि फैज खान पांकी और तरहसी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। छापेमारी के दौरान अपराधियों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान फैज खान के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार किया है, जबकि घायल फैज खान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में पलामू की SP रीष्मा रमेशन ने बताया कि छापेमारी अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें एक अपराधी घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फैज खान पर कई संगीन मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2012 में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष लड्डू खान की हत्या का मुख्य आरोपी भी रहा है। इसके अलावा भी वह कई अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।

