Prasar Bharati Chairman : केंद्र सरकार ने प्रख्यात गीतकार और लेखक प्रसून जोशी को प्रसार भारती का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को आधिकारिक घोषणा की।
मंत्रालय के अनुसार, प्रसून जोशी एक प्रसिद्ध क्रिएटिव प्रोफेशनल हैं, जिन्होंने साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और जनसंचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी लेखनी और सांस्कृतिक समझ ने भारतीय मीडिया के स्वरूप को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है।
अश्विनी वैष्णव ने इस नियुक्ति पर उन्हें बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में प्रसार भारती को नई दिशा और रचनात्मक ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने जोशी को बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताया।
इससे पहले, Prasoon Joshi Central Board of Film Certification के चेयरपर्सन के रूप में अगस्त 2017 से कार्यरत थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया को बेहतर बनाने और रचनात्मकता व नियमों के बीच संतुलन बनाए रखने का काम किया।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में जन्मे प्रसून जोशी ने हिंदी सिनेमा (hindi cinema) के लिए कई लोकप्रिय गीत लिखे हैं। उन्होंने तारे ज़मीन पर, रंग दे बसंती, भाग मिल्खा भाग, फना, हम तुम और ब्लैक जैसी फिल्मों में यादगार गीत दिए हैं, जिनमें संवेदनशीलता और सामाजिक सोच झलकती है।
गौरतलब है कि प्रसार भारती भारत का स्वायत्त सार्वजनिक प्रसारक है, जिसकी स्थापना 1990 के अधिनियम के तहत हुई और 1997 से यह काम कर रहा है। इसके अंतर्गत ऑल India Radio और दूरदर्शन आते हैं, जो देशभर में समाचार, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम प्रसारित करते हैं।

