Ranchi School Fees : नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ रांची जिला प्रशासन निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी और RTE नियमों के पालन को लेकर सक्रिय हो गया है। इसी को लेकर 13 अप्रैल (सोमवार) को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।
यह बैठक दोपहर 1 बजे रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट हॉल, मोरहाबादी में होगी। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री करेंगे। इसमें जिले के सभी निजी स्कूलों के प्राचार्य और प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बैठक में स्कूलों की Fees तय करने और उसमें बढ़ोतरी से जुड़े नियमों पर चर्चा की जाएगी। प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया है कि फीस में अधिकतम 10 प्रतिशत तक ही बढ़ोतरी की जा सकती है। साथ ही, सभी स्कूलों को पारदर्शी शुल्क प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, अभिभावकों की शिकायतों के समाधान के लिए बनाए गए ग्रिवांस रिड्रेसल सेल की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि फीस से जुड़ी शिकायतों का जल्द समाधान हो सके।
बैठक में शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून के तहत कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए 25 प्रतिशत सीटों पर नामांकन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी। स्कूलों को इस नियम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे।
जिला प्रशासन (District Administration) ने सभी निजी स्कूलों से इस बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने और सरकार के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि इससे फीस व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और अभिभावकों को राहत मिलेगी।

