Ranchi Road Project : शहर के बढ़ते Traffic दबाव और सड़क सुरक्षा सुधार के लिए रांची को गुरुवार को बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। 303 करोड़ रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं – ओवरब्रिज और भूमिगत टनल – का भूमि पूजन किया जाएगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी Video Conferencing के माध्यम से शिलान्यास करेंगे, जबकि मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौजूद रहेंगे।
पहली परियोजना रांची–जमशेदपुर रोड जंक्शन (राष्ट्रीय राजमार्ग-33) के रामपुर चौक के पास प्रस्तावित है। इसमें 1.2 किलोमीटर लंबा आधुनिक भूमिगत टनल बनाया जाएगा, जो जमशेदपुर रोड से विकास की ओर जाने वाले मार्ग को जोड़ेगा। इसके साथ ही रिंग रोड और NHAI-33 को जोड़ने के लिए 270 मीटर लंबा ओवरब्रिज भी बनेगा।
दूसरी परियोजना रांची–हजारीबाग रोड जंक्शन के विकास चौक (इरबा के पास) से जुड़ी है। यहां हजारीबाग से कांके जाने वाले रिंग रोड पर लगभग तीन किलोमीटर लंबा ओवरब्रिज बनाया जाएगा। वहीं जमशेदपुर से हजारीबाग जाने वाले फोरलेन मार्ग पर भी तीन किलोमीटर लंबा ओवरब्रिज प्रस्तावित है।
दोनों परियोजनाएं रिंग रोड से जुड़ी होने के कारण शहर के बाहरी और आंतरिक यातायात को सुगम बनाएंगी। इन कार्यों को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रामपुर चौक और विकास चौक शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों में गिने जाते हैं, जहां अक्सर ट्रैफिक जाम और सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ओवरब्रिज और टनल बनने के बाद ट्रैफिक विभिन्न स्तरों में बंट जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी और पीक आवर में जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
विकास चौक के पास बनने वाला भूमिगत टनल आधुनिक तकनीक से लैस होगा, जिसमें बेहतर लाइटिंग, वेंटिलेशन और सुरक्षा की सुविधा रहेगी।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

