Palamu : झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के चियाकी में अधूरे फ्लाईओवर से गिरने के कारण 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पोखराहा निवासी अमन उरांव के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-39 पर फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है और चियाकी में फ्लाईओवर अभी अधूरा है। इसी फ्लाईओवर पर कुछ लोग जन्मदिन मना रहे थे। अमन भी स्कूटी से वहां पहुंचा था। बताया जा रहा है कि स्कूटी चलाते समय वह फ्लाईओवर के अंतिम छोर तक पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
सदर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा रील बनाने के दौरान हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि फ्लाईओवर पर जाने से रोकने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा अवरोध लगाए गए हैं और चेतावनी भी दी गई है। इसके बावजूद लोग वहां पहुंच जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं।

