US and Iran War: डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में ओमान की खाड़ी और अरब सागर में समुद्री नाकाबंदी लागू कर दी है। बताया गया है कि यह नाकाबंदी सभी प्रकार के जहाजों पर लागू होगी, चाहे उनका ध्वज किसी भी देश का हो। ट्रंप ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दी।
ट्रंप का दावा — ईरानी नौसेना तबाह
ट्रंप ने पोस्ट में दावा किया कि ईरान की नौसेना को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने लिखा कि ईरान के 158 जहाज नष्ट कर दिए गए हैं और कुछ तेज हमलावर जहाजों को खतरा न मानते हुए निशाना नहीं बनाया गया।
ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर कोई भी जहाज नाकाबंदी क्षेत्र के करीब आता है, तो उसे तुरंत नष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसी कार्रवाई पहले ड्रग तस्करों के खिलाफ भी कर चुका है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
चीन ने भी दी चेतावनी
इस बीच चीन की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। डोंग जून ने कहा कि ईरान के साथ चीन के व्यापार और ऊर्जा समझौते हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य चीन के लिए खुला रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य देशों को चीन के हितों में दखल नहीं देना चाहिए। इस बयान को अमेरिका के लिए चेतावनी माना जा रहा है।
बिना अनुमति जहाजों को रोका जा सकता है
जारी सूचना के मुताबिक बिना अनुमति नाकाबंदी क्षेत्र में प्रवेश करने वाले जहाजों को रोका जा सकता है, उनका मार्ग बदला जा सकता है या उन्हें जब्त भी किया जा सकता है। हालांकि यह भी कहा गया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गैर-ईरानी गंतव्यों के लिए जाने वाले तटस्थ जहाजों के पारगमन को पूरी तरह नहीं रोका जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक नाकाबंदी पूरे ईरानी समुद्री तट को कवर करेगी। इसमें तेल टर्मिनल और बंदरगाह भी शामिल हैं।
मानवीय सहायता वाले जहाजों को मिलेगी अनुमति
बताया गया है कि भोजन और दवाइयों जैसी मानवीय सहायता लेकर आने वाले जहाजों को जांच के बाद आने-जाने की अनुमति दी जाएगी।
ईरान की चेतावनी — हर स्थिति के लिए तैयार
ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री सैयद मजीद इब्न रजा ने कहा कि ईरान किसी भी स्थिति के लिए तैयार है और सशस्त्र बल पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी आक्रामकता या उकसावे का कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
फारस की खाड़ी को लेकर भी सख्त रुख
ईरान के खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि फारस की खाड़ी और ओमान सागर में सुरक्षा या तो सभी के लिए होगी या किसी के लिए नहीं। प्रवक्ता ने कहा कि दुश्मन देशों से जुड़े जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि ईरान के बंदरगाहों की सुरक्षा को खतरा हुआ, तो फारस की खाड़ी और ओमान सागर में कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा।
