Giridih : झारखंड के गिरिडीह जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खोरीमहुआ-कोडरमा मुख्य मार्ग पर गरजासारण गांव के पास ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह के रहने वाले कुछ लोग कोडरमा से लॉ की परीक्षा देकर स्विफ्ट डिजायर कार से वापस लौट रहे थे। कार में एक पांच वर्षीय बच्चा भी सवार था, जो इस हादसे में सुरक्षित बच गया। हालांकि कार में मौजूद महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि जैसे ही कार गरजासारण गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहा सीमेंट लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर धनवार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

