Gumla : झारखंड के गुमला जिले में जंगली हाथी के हमले में एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना घाघरा थाना क्षेत्र के बुरहु पतरा इलाके की है। घटना के बाद पूरे गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
अचानक हुआ हमला
मृतक की पहचान अनूप कुमार पांडे के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह बाइक से काम पर जा रहा था और बुरहु पावर ग्रिड में टेक्नीशियन के रूप में काम करता था। रास्ते में पतरा के पास भीड़ देखकर वह रुक गया। तभी अचानक झाड़ियों से एक जंगली हाथी निकलकर उस पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे।
मौके पर ही हुई मौत
हाथी के हमले से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों को मिली मदद
वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी। साथ ही, बाकी मुआवजा राशि जल्द देने का आश्वासन भी दिया गया है।
इलाके में बना हुआ है डर
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जंगली हाथियों का आना-जाना लगातार बना रहता है, जिससे फसलों और घरों को नुकसान होता है। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। फिलहाल वन विभाग हाथी की निगरानी कर रहा है ताकि आगे कोई और घटना न हो।

