धनबाद फल मंडी में युवक की गला रेतकर हत्या, सुबह खून से लथपथ मिला शव

Dhanbad Crime News: धनबाद शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल रणधीर वर्मा चौक के पास हीरापुर बाजार समिति फल मंडी में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रोहित सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

बोकारो से आकर करता था मजदूरी

जानकारी के अनुसार रोहित सिंह मूल रूप से बोकारो का रहने वाला था। वह कई साल पहले अपने पिता के साथ रोजी-रोटी की तलाश में धनबाद आया था और हीरापुर इलाके में रहकर मजदूरी करता था।

छत पर सोने गया, सुबह मिला शव

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात भी वह रोज की तरह काम खत्म करने के बाद पास की एक दुकान की छत पर सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह जब फल मंडी के दुकानदार और स्थानीय लोग बाहर निकले, तो उन्होंने एक बंद दुकान के सामने युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गला रेतकर हत्या की आशंका

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर तेज धारदार हथियार से वार के गहरे निशान मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की है।

इलाके में दहशत, जांच जारी

घटना के बाद फल मंडी इलाके में दहशत का माहौल है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img