Giridih : सदर प्रखंड के बजटो-कुम्हरगढ़िया गांव में फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया है। गोलगप्पा और छोला खाने के बाद एक 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे और अन्य लोग बीमार पड़ गए। मृतक की शिनाख्त रंजन कुमार के तौर पर की गई है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम गांव में एक ठेला विक्रेता गोलगप्पा और छोला बेचने आया था। इसे बच्चों समेत कई लोगों ने खाया। रात तक सभी सामान्य थे, लेकिन रविवार सुबह अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।
उल्टी-दस्त से बिगड़ी हालत
बीमार लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर सभी को सदर अस्पताल लाया गया।
अस्पताल पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही डीसी रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिस्पुते, सिविल सर्जन बच्चा सिंह और एसडीपीओ जीतवाहन उरांव समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने तुरंत गांव में मेडिकल टीम और एंबुलेंस भेजी, ताकि अन्य प्रभावित लोगों को भी अस्पताल पहुंचाया जा सके। सभी बीमारों का इलाज जारी है।
जांच के आदेश
डीसी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चाट-छोला खाने से बीमारी की बात सामने आई है। पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। सिविल सर्जन ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है और कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

