Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है। तेज गर्मी और उमस के बीच अब कई जिलों में बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आज का तापमान
राज्य में सुबह से ही गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। रांची में आज अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और पलामू में तापमान 40 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
कई जिलों में हीटवेव का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, गढ़वा, चतरा और सरायकेला-खरसावां जैसे पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। लोगों को दोपहर में घर से कम निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
देवघर, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और खूंटी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

