झारखंड में गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ी चिंता, कई जिलों में एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें

Ranchi : मिडिल ईस्ट पर चल रहे तनाव और संभावित आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाओं के बीच झारखंड के कई जिलों में घरेलू LPG गैस को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती नजर आ रही है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के अलग-अलग शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

कई लोग खाली सिलेंडर लेकर सुबह-सुबह ही एजेंसी के बाहर लाइन में लग जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन और गैस एजेंसियां लगातार यह स्पष्ट कर रही हैं कि गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों और आशंकाओं के कारण लोग एहतियात के तौर पर पहले से ही सिलेंडर बुक कराने या भरवाने पहुंच रहे हैं। इससे कई जगहों पर वितरण व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ गया है।

चाईबासा में सप्लाई को लेकर लोगों की शिकायत

चाईबासा और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। यहां कई गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पाता। इससे घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो रही है।

इसका असर सिर्फ घरों तक ही सीमित नहीं है। जमशेदपुर, सरायकेला और चाईबासा के छोटे होटल, ढाबे और नाश्ते की दुकानों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। ठेले और खोमचे पर दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों का कहना है कि गैस नहीं मिलने से कई बार उन्हें अपनी दुकान अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ रही है।

रामगढ़ और जमशेदपुर में पैनिक बुकिंग का माहौल

रामगढ़ जिले में फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं बताई जा रही है। इसके बावजूद गैस एजेंसियों के काउंटर पर बुकिंग कराने के लिए लोगों की लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। कई जगहों पर 60 से 70 लोग कतार में खड़े होकर बुकिंग कराते नजर आए। एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि रोजाना गैस की सप्लाई आ रही है और गैस के वाहन भी नियमित रूप से पहुंच रहे हैं।

इसी तरह जमशेदपुर के मानगो इलाके में स्थित कंचन दीप गैस काउंटर पर भी सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही। यहां उपभोक्ता एहतियात के तौर पर पहले से सिलेंडर बुक कराने के लिए लाइन में खड़े दिखे, ताकि आगे चलकर किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

कोडरमा, गुमला और गोड्डा में भी भीड़

कोडरमा जिले में भी पिछले पांच दिनों से गैस एजेंसियों के बाहर लगातार भीड़ देखी जा रही है। कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिनके घर में भरा हुआ सिलेंडर होने के बावजूद वे अतिरिक्त सिलेंडर भरवाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर सप्लाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

गुमला जिले में भी शनिवार को एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ दिखाई दी। अधिकारियों के मुताबिक जिले में प्रतिदिन करीब 2300 से 2400 सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है और गैस की कोई कमी नहीं है।

वहीं गोड्डा जिले की कौशल्या गैस एजेंसी में बुकिंग लिंक और सिस्टम में तकनीकी समस्या आने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। इसकी वजह से लोग लगातार दूसरे दिन भी एजेंसी पहुंच रहे हैं।

प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की

बोकारो के सेक्टर-4 स्थित अनुराग एचपी गैस सर्विसेज सहित कई एजेंसियों ने साफ किया है कि गैस वितरण सामान्य रूप से जारी है और सप्लाई में किसी तरह की रुकावट नहीं है। कुछ एजेंसियों ने यह व्यवस्था भी लागू की है कि एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरा सिलेंडर 45 दिन के अंतराल पर ही दिया जाएगा, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके।

कई जगहों पर ओटीपी मिलने में देरी और नेटवर्क की समस्या के कारण वितरण प्रक्रिया थोड़ी धीमी हो गई है, जिससे लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन और गैस एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें, क्योंकि फिलहाल राज्य में गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

Also Read : हजारीबाग में तेज रफ्तार ट्रेलर ने टेंपो और बस को मारी टक्कर, युवक की मौत, पांच जख्मी

Hot this week

रांची में धूमधाम से मनाया जाएगा CPI का शताब्दी वर्ष समारोह

Centenary Celebration of CPI: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की...

Topics

रांची में धूमधाम से मनाया जाएगा CPI का शताब्दी वर्ष समारोह

Centenary Celebration of CPI: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) की...

रांची विधानसभा में विस्थापितों के पुनर्वास पर हंगामा

Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 14वें...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img