Bokaro : बोकारो में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क भी जाम कर दी।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
यह घटना सिटी थाना क्षेत्र के उकरीद मोड़ के पास हुई। मिली जानकारी के अनुसार कोऑपरेटिव कॉलोनी की रहने वाली शीला देवी रोज की तरह सोमवार सुबह भी टहलने के लिए घर से निकली थीं। वह उकरीद मोड़ के पास पहुंची ही थीं कि तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शीला देवी सड़क पर गिरकर बेतरह जख्मी हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ दिया दम
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल महिला को तुरंत बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन व स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
महिला की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने उकरीद मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस कर रही अज्ञात वाहन की तलाश
मृतका के परिजन राजेश कुमार ने मीडिया को बताया कि शीला देवी पिछले करीब एक महीने से नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक पर जाती थीं। सोमवार सुबह भी वह रोज की तरह घर से निकली थीं, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान करने और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

