ICSE ISC Result 2026 : CISCE द्वारा जारी ICSE (10वीं) और ISC (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणामों में झारखंड के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस बार राज्य के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
सबसे बड़ी उपलब्धि Jamshedpur की छात्रा शांभवी तिवारी के नाम रही, जिन्होंने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर नेशनल Topper बनने का गौरव प्राप्त किया। सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा शांभवी ने विज्ञान विषयों में पूरे अंक हासिल कर यह साबित किया कि मेहनत और अनुशासन से बड़ी सफलता पाई जा सकती है।
अपनी सफलता पर शांभवी ने कहा कि यह उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। शांभवी फिलहाल मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही हैं और भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं।
राज्य स्तर पर भी कोल्हान क्षेत्र का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। ICSE 10वीं में चाईबासा के चितेश सरकार और जमशेदपुर के वेदांग वत्सल, अहान राय और प्रज्ञा सिंह ने 99.2 प्रतिशत अंक लाकर संयुक्त रूप से Top किया। वहीं धनबाद की अंशिका मोदी और कोशिकी दत्ता ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए।
राजधानी रांची के स्कूलों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल की प्रभलीन कौर ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके अलावा कृत्वी किरण, यामिनी सिंह और रावी सिंह ने भी 97 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।
Metas Adventist School का सर्वश्रेष्ठ परिणाम 97 प्रतिशत रहा। वहीं संत थॉमस स्कूल की अंशिका गुप्ता ने 99 प्रतिशत अंक लाकर शहर में टॉप किया। बिशप स्कॉट गर्ल्स स्कूल की इकरा फातिमा ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। संत जेवियर स्कूल के छात्रों ने भी टॉप-10 में जगह बनाई।
रिजल्ट जारी होने के बाद Website पर भारी ट्रैफिक देखा गया, लेकिन छात्रों ने ऑनलाइन माध्यम से आसानी से अपने परिणाम देखे। कई स्कूलों ने भी अपने स्तर पर छात्रों को रिजल्ट उपलब्ध कराया।

