Assam Election News: असम में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बड़ा दावा किया है। डिब्रूगढ़ में रोडशो के दौरान बातचीत में उन्होंने कहा कि बीजेपी 90 से 100 सीटें जीतेगी, जबकि कांग्रेस 15 से 17 सीटों तक सिमट जाएगी। सीएम हिमंता ने कांग्रेस की ओर से दी गई गारंटी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जुबिन गर्ग को राजनीति में लाना गुनाह है और कांग्रेस को इसके लिए प्रायश्चित करना होगा।
कांग्रेस की गारंटी पर BJP का हमला
दरअसल, कांग्रेस ने असम चुनाव के लिए अपनी गारंटी में वादा किया है कि सरकार बनने पर जुबिन गर्ग के मामले में 100 दिन के अंदर न्याय दिलाया जाएगा। इसी को लेकर हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मामला अदालत में है और अदालत को कोई डेडलाइन नहीं दी जा सकती।
BJP घोषणापत्र में होगा UCC का मुद्दा
असम चुनाव के लिए बीजेपी मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने संकेत दिया कि इस घोषणापत्र में समान नागरिक संहिता यानी UCC का मुद्दा भी शामिल होगा। उन्होंने कहा कि असम को खतरा मुक्त बनाना और राज्य को विकास के रास्ते पर आगे ले जाना बीजेपी की प्राथमिकता है।
गौरव गोगोई पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के आरोपों पर पलटवार करते हुए हिमंता ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान और इंग्लैंड में अपनी संपत्ति का ब्यौरा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे जेल भेजने के लिए गौरव गोगोई को सात जन्म लेने होंगे। साथ ही उन्होंने गौरव गोगोई को “अमूल बेबी” भी बताया।
9 अप्रैल को होगा मतदान, 4 मई को नतीजे
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इस बार राज्य में एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। 2021 के विधानसभा चुनाव में NDA ने 75 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी।

