Ranchi : रांची की राजधानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड पुलिस की महिला कांस्टेबल की मौत हो गई। यह घटना रातू थाना क्षेत्र के हाजी चौक पर हुई। मृतका की शीनाख्त कांस्टेबल रंजीता एक्का के रूप में हुई है, जो झारखंड पुलिस में कार्यरत थीं।
मिली जानकारी के अनुसार वह स्कूटी से ड्यूटी के लिए जा रही थीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, रंजीता एक्का मूल रूप से सिमडेगा जिला पुलिस बल में तैनात थीं और फिलहाल प्रतिनियुक्ति पर झारखंड हाईकोर्ट में ड्यूटी कर रही थीं। हादसा उस समय हुआ जब वह कोर्ट जा रही थीं। रातू थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, रंजीता के पति भी झारखंड पुलिस में थे और उनकी मौत भी पहले एक सड़क हादसे में हो चुकी है। पति की मृत्यु के बाद रंजीता को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी।

