Successful rescue of wild elephant that fell into a well: रांची जिले के बुंडू स्थित सोनाहातू थाना क्षेत्र (Sonahatu Police Station Area) के सारयाद गांव में बीती रात एक जंगली हाथी कुएं में गिर गया। सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुंडू रेंज के वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और हाथी को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जेसीबी मशीन की मदद से कुएं के किनारे को तोड़कर मिट्टी काटी गई और बाहर निकलने के लिए रास्ता बनाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रात में दो जंगली हाथी (Wild Elephant) इलाके में आए थे। किसान राजेंद्र महतो ने मीडिया को बताया कि हाथियों ने उनके घर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
खुद को बचाने के लिए उन्होंने आग की मशाल जलाई, जिससे हाथी डरकर आगे बढ़ गए। इसी दौरान अंधेरे में एक हाथी ढके हुए कुएं में गिर गया। इसके बाद प्रशासन ने हाथी को निकालने के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान कुछ समय के लिए काम रुक गया, जब कुएं के मालिक ने मुआवजे की मांग की। इसको लेकर वन विभाग और मालिक के बीच करीब दो घंटे तक बहस होती रही।
बाद में Forest Department ने एक लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई, जिसके बाद रेस्क्यू कार्य दोबारा शुरू हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। बाहर निकलते ही हाथी जंगल की ओर भाग गया। इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

