PM Modi’s roadshow in Puducherry : PM मोदी ने आज यानी शुक्रवार को पुडुचेरी में भव्य रोड शो किया और नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए AINRC -BJP गठबंधन के पक्ष में वोट देने की अपील की।
इस दौरान उनके साथ एआईएनआरसी के संस्थापक और मुख्यमंत्री N. Rangasamy और भाजपा नेता व गृह मंत्री A. Namassivayam मौजूद रहे। रोड शो अजंता सिग्नल पॉइंट से शुरू होकर कामराजर Statue/Raja Theatre Signal तक चला, जिसकी दूरी दो किलोमीटर से कम रही। पूरा कार्यक्रम करीब एक घंटे तक चला।
प्रधानमंत्री के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। मोदी ने खुले वाहन में खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। रास्ते में लोगों ने उन पर फूल बरसाकर स्वागत किया।
रोड शो के दौरान शहर के कई हिस्सों में खासकर एसवी पटेल रोड और अन्नासलाई–कामराजर सलाई जंक्शन पर BJP और AINRC के झंडे नजर आए। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां भी हुईं, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। रोड शो से पहले भी बड़ी संख्या में समर्थक प्रधानमंत्री का स्वागत करने पहुंचे।
गौरतलब है कि पिछले महीने पुडुचेरी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। इस चुनाव में AINRC 16 और भाजपा 10 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि गठबंधन के अन्य दलों को भी सीटें दी गई हैं।

