US Iran War: पश्चिमी एशिया में सुलगती जंग के बीच अमेरिका के सबसे भरोसेमंद लड़ाकू विमान भी खतरे में नजर आ रहे हैं। तेहरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के F-15 फाइटर जेट को मार गिराया है। इस दावे के बाद सैन्य हलकों में हड़कंप मच गया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विमान के दो क्रू मेंबर में से एक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दूसरा अब भी लापता बताया जा रहा है। इतना ही नहीं, ईरानी सेना ने अमेरिका के दिग्गज A-10 वारथॉग विमान को भी निशाना बनाने का दावा किया है।
रेस्क्यू मिशन पर भेजे गए ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों पर भी हमला
लापता क्रू मेंबर की तलाश के लिए दो ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों को रेस्क्यू मिशन पर भेजा गया। लेकिन ईरान ने उन पर भी हमला करने का दावा किया है। हालांकि दोनों हेलिकॉप्टर किसी तरह ईरानी हवाई क्षेत्र से बाहर निकलने में सफल रहे।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इन हेलिकॉप्टरों को गोलियां लगीं, लेकिन वे क्रैश होने से बच गए और सुरक्षित लौट आए।
आसमान का बेताज बादशाह माना जाता है F-15E स्ट्राइक ईगल
F-15E स्ट्राइक ईगल अमेरिका का हरफनमौला लड़ाकू विमान माना जाता है। यह हवा में दुश्मन को मार गिराने के साथ-साथ जमीन पर भी सटीक हमले करने में सक्षम है। इस विमान की शुरुआत 1970 के दशक में हुई थी, जबकि इसका आधुनिक E-वेरिएंट 1988 में सामने आया।
इस विमान की सबसे बड़ी ताकत इसकी रफ्तार और मारक क्षमता है। यह विमान करीब 1,875 मील प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है और 60 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचने में सक्षम है। खास बात यह है कि सीधी ऊपर की ओर उड़ान भरते समय भी इसकी रफ्तार कम नहीं होती।
दो लोगों की टीम संभालती है पूरा ऑपरेशन
F-15E की एक और खासियत इसका टू-सीटर सिस्टम है। इसमें आगे पायलट बैठता है और पीछे हथियार प्रणाली अधिकारी यानी WSO बैठता है। WSO के सामने चार स्क्रीन होती हैं, जिनकी मदद से दुश्मन के ठिकानों पर सटीक निशाना लगाया जाता है।
यह तकनीक पायलट को बिना नीचे देखे सामने देखते हुए ही हमला करने की सुविधा देती है।
A-10 वारथॉग: जमीन पर तबाही मचाने वाला विमान
ईरान ने दावा किया है कि उसने कुवैत के पास A-10 वारथॉग को गिरा दिया। हालांकि यह विमान खास तौर पर जमीन पर मौजूद दुश्मनों को निशाना बनाने के लिए बनाया गया है। यह कम ऊंचाई पर उड़ान भरकर सटीक हमले करता है।
इसकी बनावट इतनी मजबूत है कि यह दुश्मन की 23 मिमी गोलियों और बमों के हमले के बाद भी उड़ता रह सकता है।
एक मिनट में 3,900 राउंड फायर करने की क्षमता
A-10 वारथॉग की नोज पर लगी गन इसकी सबसे बड़ी ताकत है। यह एक मिनट में 3,900 राउंड फायर कर सकती है। यानी कुछ ही सेकंड में दुश्मन के भारी टैंक भी मलबे में बदल सकते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इतना खतरनाक होने के बावजूद A-10 को काफी किफायती माना जाता है। एक विमान की कीमत करीब 1.88 करोड़ डॉलर बताई जाती है।
40 साल से अमेरिकी सेना की रीढ़ बना हुआ है A-10
यह विमान पिछले 40 सालों से अमेरिकी सेना में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है। इसे चलाना और इसकी देखभाल करना दूसरे आधुनिक जेट्स के मुकाबले सस्ता पड़ता है।
एक घंटे की उड़ान का खर्च करीब 17,716 डॉलर आता है, जो इसकी मारक क्षमता के हिसाब से कम माना जाता है। इसकी मरम्मत भी आसान होती है क्योंकि इसके कई पुर्जे दोनों तरफ एक जैसे बनाए गए हैं।
खाड़ी युद्ध में दिखा था A-10 का दम
खाड़ी युद्ध के दौरान A-10 वारथॉग ने 8,000 से ज्यादा उड़ानें भरी थीं। उस दौरान इसका सक्सेस रेट 95 फीसदी से ज्यादा माना गया था। यही वजह है कि अमेरिकी वायुसेना ने इसे अब तक रिटायर नहीं किया है।
ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर भी बने निशाना
ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर आमतौर पर स्पेशल ऑपरेशन्स और दुश्मन के इलाके से सैनिकों को निकालने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। लेकिन इस बार चुनौती काफी मुश्किल थी।
जैसे ही ये हेलिकॉप्टर ईरानी सीमा के पास पहुंचे, उन पर भारी गोलीबारी की गई। हालांकि दोनों हेलिकॉप्टर किसी तरह सुरक्षित वापस लौटने में कामयाब रहे।

