New Delhi : WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया और उपयोगी फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी इस फीचर की टेस्टिंग एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.13.3 में कर रही है। इस नए फीचर के तहत यूजर्स को अपनी कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद सभी ऑनलाइन लोगों की जानकारी एक ही जगह पर मिल सकेगी। अभी किसी के ऑनलाइन होने की जानकारी देखने के लिए उसकी चैट खोलनी पड़ती है, लेकिन नए फीचर से यह काम आसान हो जाएगा।
नई सुविधा में सबसे पहले उन कॉन्टैक्ट्स की लिस्ट दिखाई देगी जो इस समय ऑनलाइन हैं। इसके बाद हाल ही में एक्टिव रहे लोगों के नाम दिखेंगे, जिनके साथ “5 मिनट पहले” जैसी जानकारी भी दी जाएगी। यूजर्स इस लिस्ट से सीधे चैट भी शुरू कर सकेंगे। यह फीचर WhatsApp की सेटिंग्स में एक अलग सेक्शन के रूप में उपलब्ध होगा। साथ ही, कॉन्टैक्ट्स को नाम या ऑनलाइन स्टेटस के आधार पर सॉर्ट करने का विकल्प भी मिलेगा।
कंपनी ने इस फीचर में प्राइवेसी का भी ध्यान रखा है। जिन यूजर्स ने अपना ‘लास्ट सीन’ छिपा रखा है, वे इस लिस्ट में दिखाई नहीं देंगे। अन्य मैसेजिंग ऐप्स की बात करें तो Telegram में पहले से ही ऐसा फीचर मौजूद है, जबकि Facebook Messenger में एक्टिव टैब मिलता है। हालांकि WhatsApp का यह नया फीचर यूजर्स को एक बेहतर और सरल अनुभव देने की कोशिश करेगा।
फिलहाल यह फीचर शुरुआती टेस्टिंग चरण में है और इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जल्द ही इसे एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर रोलआउट किया जा सकता है।

