New Delhi : भारतीय टेलीकॉम कंपनी भारती Airtel ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फरवरी 2026 तक कंपनी के ग्राहकों की संख्या 650 मिलियन (65 करोड़) पहुंच गई है, जिसके साथ वह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम ऑपरेटर बन गई है। GSMA Intelligence के ताजा आंकड़ों के अनुसार, Airtel ने कई वैश्विक कंपनियों को पीछे छोड़ते हुए यह स्थान हासिल किया है। इस सूची में पहले स्थान पर चाइना मोबाइल है, जिसके पास 1 अरब से अधिक ग्राहक हैं।
भारत और अफ्रीका में मजबूत पकड़
Airtel की इस सफलता के पीछे भारत और अफ्रीका में उसका मजबूत नेटवर्क है। भारत में कंपनी के 368 मिलियन से अधिक मोबाइल ग्राहक हैं। इसके अलावा 5G सेवा, ब्रॉडबैंड, डिजिटल टीवी और एंटरप्राइज सेवाओं में भी कंपनी तेजी से विस्तार कर रही है। वहीं अफ्रीका में Airtel की मौजूदगी 14 देशों में है, जहां उसके 179 मिलियन से ज्यादा ग्राहक हैं। यहां कंपनी का ‘एयरटेल मनी’ प्लेटफॉर्म भी काफी लोकप्रिय है, जो डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराता है।
जियो से कड़ी टक्कर
भारत में Airtel और रिलायंस जियो के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। जियो के पास देश में 500 मिलियन से ज्यादा ग्राहक हैं, जबकि Airtel के 368 मिलियन यूजर्स हैं। हालांकि, TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, एयरटेल की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 37.59% हो गई है और हाल के महीनों में कंपनी ने तेजी से नए ग्राहक जोड़े हैं।
आगे की योजना
कंपनी के वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि यह उपलब्धि बड़ी जिम्मेदारी के साथ आती है। कंपनी अब नेटवर्क सुधार, साइबर सुरक्षा और बेहतर ग्राहक अनुभव पर फोकस कर रही है।

