Chaibasa : झारखंड के सारंडा जंगल में नक्सलियों ने एक बार फिर IED ब्लास्ट कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। इस घटना में सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सुरक्षा बलों की टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए IED में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर एक जवान घायल हो गया।
घायल जवान को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, घायल जवान को जंगल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जरूरत पड़ने पर उसे हेलीकॉप्टर से रांची लाया जा सकता है। झारखंड पुलिस के आईजी अभियान डॉ. माइकल एस राज ने बताया कि विस्फोट में जवान को हल्की चोट आई है। सर्च अभियान के दौरान एक जिंदा IED भी बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
नक्सलियों ने बढ़ाई विस्फोटकों की तैनाती
बताया जा रहा है कि सारंडा में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच लगातार अभियान चल रहा है। इस साल जनवरी में 17 नक्सलियों के मारे जाने के बाद नक्सलियों ने जंगल में बड़ी संख्या में IED लगा दिए हैं।

