Khunti : खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में आज यानी रविवार सुबह एक युवक की बॉडी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव बीरबांकी-घाघरा रोड के किनारे बरामद हुआ, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
मृतक की शिनाख्त कोटोबेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय चमरा मुंडा के रूप में हुई है। उनके भाई हेसल मुंडा ने शव की पहचान की। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से कूचकर हत्या की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक शनिवार को बीरबांकी साप्ताहिक हाट गया था, जहां उसे नशे की हालत में देखा गया था। आशंका है कि उसी दौरान या बाद में अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर दी।
घटना को लेकर बीरबांकी ग्राम सभा के सदस्यों ने चिंता जताई है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
