West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार मंगलवार शाम छह बजे थम गया। इस चरण में भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने पूरी ताकत लगा दी। आरोप-प्रत्यारोप के बीच SIR और खान-पान की आदतें चुनाव के मुख्य मुद्दे बनकर सामने आए। दोनों दलों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए कई बड़े वादे भी किए।
BJP और TMC ने किया जोरदार प्रचार
चुनाव प्रचार खत्म होने तक बीजेपी और टीएमसी ने लगातार रैलियां और रोड शो किए। गृह मंत्री अमित शाह ने दार्जिलिंग, पश्चिम मेदिनीपुर और कुल्टी में ताबड़तोड़ रैलियां कीं। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, सिंडिकेट राज खत्म करने और एक लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर 24 परगना के खरदह में रैली की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी उनके उम्मीदवारों को धमका रही है और घुसपैठियों के नाम पर राजनीति कर रही है।
पीएम मोदी से लेकर अभिषेक बनर्जी तक मैदान में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारग्राम और मेदिनीपुर में रैलियां कीं। वहीं तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभिषेक बनर्जी ने बांकुड़ा में मोर्चा संभाला। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सिलीगुड़ी में सभाएं कीं। इस दौरान भ्रष्टाचार, घुसपैठ, महिला सुरक्षा और सोनार बांग्ला बनाम स्थानीय बंगाली पहचान जैसे मुद्दे प्रचार के केंद्र में रहे।
152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान
पहले चरण में उत्तरी बंगाल के 152 चुनावी क्षेत्रों और दक्षिणी हिस्से के कई जिलों में 23 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। इनमें करीब 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग ने रिकॉर्ड 2,450 केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात की हैं। इनमें करीब 2.5 लाख सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव आयोग ने पहले चरण के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। 8,000 से ज्यादा मतदान केंद्रों को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया गया है। मालदा, मुर्शिदाबाद, उत्तर दिनाजपुर, कूच बिहार, बीरभूम और बर्धमान जिलों को विशेष रूप से संवेदनशील माना गया है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। केंद्रीय बलों के साथ निगरानी टीम और 2,193 त्वरित प्रतिक्रिया टीम को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
ये हैं पहले चरण के बड़े उम्मीदवार
पहले चरण में कई दिग्गज नेता चुनाव मैदान में हैं। इनमें नंदीग्राम से भाजपा के शुभेंदु अधिकारी, माथाभांगा से भाजपा के निशीथ प्रामाणिक, दिनहाटा से तृणमूल के उदयन गुहा, सिलीगुड़ी से तृणमूल के गौतम देब और बहरामपुर से कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी शामिल हैं। अब प्रचार खत्म होने के बाद सभी दलों की नजर 23 अप्रैल को होने वाली वोटिंग पर है, जहां मतदाता पहले चरण की तस्वीर साफ करेंगे।

