Olympic Day 2026 : ओलंपिक दिवस के अवसर पर झारखंड में पर्यावरण संरक्षण (Environmental protection) को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल की जा रही है। झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन (JOA) की ओर से 23 जून 2026 से पूरे राज्य में एक सप्ताह तक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
यह कार्यक्रम Indian Olympic Association की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पी. टी. उषा के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत झारखंड के सभी 24 जिलों में कुल 2036 पौधे लगाए जाएंगे।
JOA के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक ने बताया कि इस पहल में राज्य के वन विभाग और खेल विभाग का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम सार्वजनिक स्थानों, खेल परिसरों, स्कूल-कॉलेजों और पार्कों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस अभियान में खिलाड़ियों, खेल संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों को शामिल किया जाएगा।
डॉ. पाठक के अनुसार, यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि खेल और समाज के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने में भी मदद करेगी।
अभियान के दौरान सभी जिलों से रिपोर्ट और तस्वीरें एकत्र कर Indian Olympic Association को भेजी जाएंगी, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के इस प्रयास को प्रदर्शित किया जा सके। यह पहल पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ खेल संगठनों की सामाजिक जिम्मेदारी (Social responsibility) को भी उजागर करती है।

