Ranchi : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 60 से अधिक आरोपियों की जमानत याचिका पर शनिवार को रांची सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई। अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल तय की है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने पुलिस को केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया था, लेकिन शनिवार को पुलिस केस डायरी प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद अदालत ने अगली तारीख तक केस डायरी पेश करने का आदेश दिया।
छापेमारी में बड़ा गिरोह उजागर
रांची पुलिस ने परीक्षा से पहले धांधली की आशंका पर तमाड़ इलाके में छापेमारी की थी। इस दौरान पेपर लीक से जुड़े एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ था। कार्रवाई में कुल 164 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
महिलाओं की भी संलिप्तता
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद समेत कई लोग शामिल हैं। अब तक इस मामले में 7 महिलाओं की भूमिका भी सामने आ चुकी है।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस पूरे मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।
Also Read : AAP छोड़ने वाले सांसदों पर भगवंत मान का तंज— ‘अदरक-लहसुन कभी सब्जी नहीं बनते’

