New Delhi: आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मची राजनीतिक हलचल ने बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया है। राघव चड्ढा समेत 3 सांसदों के AAP छोड़कर BJP में शामिल होने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। वहीं 4 अन्य सांसदों को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री और AAP नेता भगवंत मान ने इस पूरे मामले पर तंज भरा पोस्ट शेयर कर पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर निशाना साधा है।
7 सांसदों की तुलना 7 मसालों से की
भगवंत मान ने AAP छोड़कर BJP जॉइन कर चुके और जाने की आशंका वाले 7 सांसदों की तुलना 7 मसालों से की। उन्होंने कहा कि ये चीजें किसी सब्जी का स्वाद बढ़ा सकती हैं, लेकिन खुद कभी सब्जी नहीं बन सकतीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा— अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया… ये 7 चीजें मिलकर सब्जी को स्वादिष्ट बनाती हैं, लेकिन अकेले ये चीजें सब्जी नहीं बन सकतीं। इस पोस्ट को AAP छोड़ने वाले नेताओं पर सीधा तंज माना जा रहा है।

बलबीर सिंह ने कहा— ये विश्वासघात है
AAP सांसदों के पार्टी छोड़ने पर पंजाब के मंत्री बलबीर सिंह ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पार्टी ने चुनकर राज्यसभा भेजा, उन्होंने विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा, “पंजाब के विधायकों ने इन्हें भेजा था, लेकिन इन लोगों ने धोखा दिया। अगर इनमें थोड़ी भी तमीज होती तो ये पहले इस्तीफा देकर जाते। ये BJP का ऑपरेशन लोटस है, बीजेपी यही काम करती है।”
आज पूरी हो सकती है 7 सांसदों के BJP में विलय की प्रक्रिया
दूसरी तरफ सूत्रों के हवाले से खबर है कि राज्यसभा में AAP के 7 सांसदों के BJP में विलय की प्रक्रिया आज पूरी हो सकती है। बताया जा रहा है कि विलय से जुड़ी सभी कानूनी और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इन सात सांसदों के गुट को BJP संसदीय दल में शामिल करने की मंजूरी आज राज्यसभा के सभापति दे सकते हैं। अगर सभापति इस विलय को मंजूरी दे देते हैं, तो संसद में AAP के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा झटका माना जाएगा।
राज्यसभा में AAP की ताकत होगी कमजोर
इन 7 सांसदों के जाने से राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की ताकत काफी कम हो जाएगी। वहीं BJP का पलड़ा और ज्यादा भारी हो जाएगा। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि यह सिर्फ दल-बदल नहीं, बल्कि AAP की राष्ट्रीय राजनीति पर बड़ा असर डालने वाला घटनाक्रम है।

तीन नेता बीजेपी में शामिल, 4 नामों पर अब भी सस्पेंस
फिलहाल राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल शुक्रवार को BJP में शामिल हो चुके हैं। वहीं हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता के भी BJP में शामिल होने की चर्चा तेज है। हालांकि इन चारों नेताओं को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सस्पेंस बरकरार है।

