Gumla : गुमला जिले के कुरकुरा थाना क्षेत्र में वेतरकेरा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बारात से लौट रहे लोगों का वाहन अचानक पलट गया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बारात से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, सभी लोग टाटी भंडार टोली से लचरागढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वापस लौटते समय चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों का इलाज, एक को रिम्स रेफर
घटना में अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। वहीं एक गंभीर घायल को कामडरा स्वास्थ्य केंद्र से रिम्स रेफर किया गया है। इसकी पुष्टि चिकित्सक सुनील खलखो ने की है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। कुरकुरा थाना प्रभारी संजय मुंडा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
Also Read : चाईबासा से रांची के लिए निकली पदयात्रा, भारी वाहनों के खिलाफ लोगों का विरोध

