Naxalite carrying a bounty Surrenders in Latehar : लातेहार जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड जनमुक्ति परिषद (JJMP) के सब-जोनल कमांडर सुरेंद्र लोहरा उर्फ टाइगर ने गुरुवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसने पलामू IG Shailendra Kumar Sinha और लातेहार एसपी कुमार गौरव के समक्ष हथियार डाल दिए।
सुरेंद्र लोहरा लातेहार सदर थाना क्षेत्र के मांजर गांव का रहने वाला है। वह पिछले करीब 20 वर्षों से नक्सली गतिविधियों में शामिल रहा है और कई संगठनों में सक्रिय रहा। आत्मसमर्पण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उसे माला पहनाकर स्वागत किया।
पुलिस अभियान का असर
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा था। एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में छापेमारी तेज की गई, जिससे नक्सलियों पर दबाव बढ़ा।
इसी बीच सरकार की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी मिलने पर सुरेंद्र ने पुलिस से संपर्क किया और आत्मसमर्पण का फैसला लिया। अधिकारियों ने उसे नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया, जिसके बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया।
अधिकारियों की अपील
पलामू IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाकर अन्य नक्सली भी हिंसा का रास्ता छोड़ें और सुरक्षित जीवन अपनाएं। उन्होंने बताया कि एसपी कुमार गौरव के कार्यकाल में अब तक 28 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
वहीं, एसपी कुमार गौरव ने कहा कि सुरेंद्र उर्फ टाइगर पर पांच लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार की ओर से सभी सुविधाएं दी जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि लातेहार जिला अब नक्सल मुक्त होने की ओर बढ़ रहा है और बचे हुए नक्सलियों के पास आत्मसमर्पण ही एकमात्र विकल्प है।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
आत्मसमर्पण कार्यक्रम में DSP विनोद रवानी, इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह पवैया सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि लगातार अभियान और सरकारी नीति के कारण जल्द ही जिले को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाया जाएगा।

