UP News: UP के बरेली में इस बार होली के बाद पुलिस लाइन में ऐसा रंगीन और मजेदार माहौल देखने को मिला कि लोग हंसी नहीं रोक पाए। पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने जमकर होली खेली और ढोल-नगाड़ों के साथ गानों की धुन पर खूब डांस किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) IPS अनुराग आर्य का एक Video सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
विग पहनकर सपना चौधरी के गाने पर डांस
वायरल वीडियो में SSP अनुराग आर्य सिर पर विग लगाकर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के मशहूर गाने “मेरी आख्या का काजल” पर मस्ती में डांस करते नजर आ रहे हैं। उनका यह अंदाज देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और अधिकारी भी तालियां बजाते और हंसते दिखाई दिए। जैसे ही उन्होंने डांस शुरू किया, पूरा माहौल तालियों और हूटिंग से गूंज उठा।
ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया गया जश्न
होली के बाद बरेली पुलिस लाइन में सुबह से ही जश्न का माहौल बन गया था। थानों, चौकियों और पुलिस लाइन से पुलिसकर्मियों की टोलियां ढोल-नगाड़ों के साथ निकलीं। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कुछ समय के लिए पद और जिम्मेदारियों की औपचारिकता भी पीछे छूट गई और हर कोई रंग और संगीत में डूबा नजर आया।
वरिष्ठ अधिकारियों के घर पहुंची पुलिसकर्मियों की टोलियां
होली मिलन कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों की टोलियां एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य के आवासों तक पहुंचीं। ढोल की थाप और गानों के साथ सभी ने अधिकारियों को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
फिल्मी अंदाज में हुआ अधिकारियों का स्वागत
जब पुलिसकर्मी डीआईजी अजय साहनी के आवास पहुंचे तो उन्होंने बाहर आते ही उनका फिल्मी अंदाज में स्वागत किया। पुलिसकर्मियों ने “बहारों फूल बरसाओ, मेरा महबूब आया है” जैसे गाने गाकर माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। इसके बाद यह टोली कमिश्नर और एडीजी के आवास भी पहुंची, जहां पुराने और लोकप्रिय गानों पर माहौल पूरी तरह रंगीन हो गया।
महिला अधिकारियों ने भी दिखाया डांस का जलवा
इस जश्न में महिला अधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने पंजाबी गाने “लंदन ठुमकदा” पर डांस किया। उनका यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
CO ने सिर पर पानी का गिलास रखकर किया डांस
होली के इस कार्यक्रम में एक और दिलचस्प पल तब देखने को मिला, जब फरीदपुर के सीओ संदीप सिंह ने अपने सिर पर पानी से भरा गिलास रखकर डांस किया। उन्होंने फिल्म “एनिमल” के गाने पर गिलास का संतुलन बनाए रखते हुए डांस किया। उनका यह अंदाज देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और जमकर तालियां बजाईं।
