रैपर से PM पद के दावेदार! नेपाल चुनाव में छाए बालेन शाह, युवाओं के नए चेहरे पर टिकी नजर

Gen-Z Nepal: नेपाल में पिछले साल सितंबर में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद अब नई सरकार के लिए मतदान कराया गया है। इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन शाह की हो रही है। 35 साल के बालेन शाह ने झापा-5 सीट से चुनाव लड़ने के लिए मेयर पद से इस्तीफा दे दिया था। अब उन्हें नेपाल के अगले प्रधानमंत्री पद के मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है और युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा है।

विवादों से भी रहा गहरा नाता

बालेन शाह का राजनीतिक सफर जितना तेज रहा है, उतना ही विवादों से भी घिरा रहा है। नवंबर 2025 में उनके एक फेसबुक पोस्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी थी। उस पोस्ट में उन्होंने अमेरिका, भारत और चीन समेत नेपाल के बड़े राजनीतिक दलों के खिलाफ तीखी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। बाद में पोस्ट हटा लिया गया, लेकिन उसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इससे पहले वे सिंह दरबार को आग लगाने की धमकी देकर भी विवादों में आ चुके हैं।

कौन हैं बालेन शाह?

बालेन शाह का असली नाम बालेंद्र शाह है। वे एक आयुर्वेदिक डॉक्टर के बेटे हैं और बचपन से ही कविता और संगीत में रुचि रखते थे। यही रुचि आगे चलकर रैप म्यूजिक में बदल गई। अमेरिका के मशहूर रैपर्स टुपैक शकुर और 50 सेंट से प्रभावित होकर उन्होंने नेपाल के संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।

उन्होंने नेपाल से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और भारत के कर्नाटक स्थित विश्वेश्वरैया तकनीकी विश्वविद्यालय से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। 2019 में उनका गाना ‘बलिदान’ काफी लोकप्रिय हुआ था, जिसमें उन्होंने नेपाल की राजनीति और व्यवस्था पर तीखा हमला बोला था।

निर्दलीय जीत से राजनीति में बनाई पहचान

बालेन शाह ने “परिवर्तन का समय” के नारे के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में काठमांडू मेयर का चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया था। मेयर रहते हुए उन्होंने शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की, हालांकि इस दौरान रेहड़ी-पटरी वालों के खिलाफ कठोर रवैये को लेकर उनकी आलोचना भी हुई।

अब RSP के साथ मैदान में

दिसंबर 2025 में बालेन शाह ने रबी लामिछाने की अगुवाई वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) जॉइन कर ली। इसके बाद पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया।

आर्थिक सुधार और रोजगार पर फोकस

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने अपने घोषणापत्र में आर्थिक सुधारों को प्राथमिकता दी है। पार्टी का दावा है कि वह 12 लाख नई नौकरियां पैदा करेगी और युवाओं के विदेश पलायन को रोकेगी। साथ ही नेपाल की प्रति व्यक्ति आय को 1,447 डॉलर से बढ़ाकर 3,000 डॉलर करने और देश की जीडीपी को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

महंगी कार को लेकर भी हुई आलोचना

चुनाव प्रचार के दौरान बालेन शाह उस समय भी चर्चा में आ गए जब वे झापा-5 में करीब 4 करोड़ नेपाली रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार में घूमते नजर आए। आलोचकों का कहना है कि वे खुद को पारंपरिक नेताओं से अलग बताते हैं, लेकिन उनकी जीवनशैली अब उन्हीं जैसी हो गई है।

नतीजों पर टिकी नेपाल की नजर

अब पूरा नेपाल चुनाव नतीजों का इंतजार कर रहा है। एक रैपर और सोशल मीडिया स्टार से संभावित प्रधानमंत्री तक का बालेन शाह का सफर इस चुनाव की सबसे बड़ी कहानी बन गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या नेपाल का युवा वर्ग उन्हें सच में सत्ता की कुर्सी तक पहुंचा पाता है या नहीं।

Hot this week

उत्पाद सिपाही परीक्षा में धांधली का पर्दाफाश, आरोपी कोर्ट में पेश

Ranchi : झारखंड में उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img