BJP Intensifies Protest Against Hazaribagh Incident : झारखंड में बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म (Rape) के बाद हत्या के मामले में पार्टी ने हजारीबाग बंद का ऐलान किया है। साथ ही सदन से लेकर सड़क तक न्याय की लड़ाई लड़ने की बात कही है।
BJP प्रदेश अध्यक्ष Aditya Sahu ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि घटना बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वे पार्टी नेताओं के साथ कुसुंबा गांव पहुंचे थे, जहां जो जानकारी मिली वह बेहद भयावह थी।
उन्होंने कहा कि बच्ची मंगलवारी जुलूस देखने गई थी, तभी अपराधियों ने उसका अपहरण कर दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। इस घटना को उन्होंने अमानवीय और क्रूर बताया।
आदित्य साहू ने Police और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चार दिनों तक कोई अधिकारी पीड़ित परिवार के घर नहीं पहुंचा। यहां तक कि बच्ची के पिता को घर आने में भी प्रशासन ने कोई मदद नहीं की, बाद में भाजपा नेताओं ने उनकी मदद की।
उन्होंने मुख्यमंत्री Hemant Soren पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस घटना पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया तक नहीं दी। भाजपा नेता ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार अपराध रोकने में विफल रही है।
BJP ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 29 मार्च को हजारीबाग के सभी प्रखंडों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 30 मार्च को पूरे जिले में बंद किया जाएगा। इसके अलावा राज्यभर में महिला मोर्चा द्वारा जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
BJP ने सरकार से मांग की है कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी और सुरक्षा दी जाए। फिलहाल इस मामले को लेकर राज्य में सियासत तेज हो गई है।

