Dhanbad : धनबाद-हावड़ा रेल मार्ग पर एक मालगाड़ी का इंजन फेल होने से यातायात बाधित हो गया। इस वजह से दरभंगा से चर्लपल्ली जा रही यात्री ट्रेन को धोखरा हाल्ट के पास काफी देर तक रोकना पड़ा। रेलवे सूत्रों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे धोखरा हाल्ट के पास मालगाड़ी का इंजन अचानक खराब हो गया, जिससे ट्रैक जाम हो गया। इसी दौरान उसी रूट से गुजरने वाली यात्री ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिल सकी और उसे बीच रास्ते में ही रोक दिया गया।
स्थिति को संभालने के लिए रेलवे ने धनबाद से दूसरा इंजन भेजा। काफी प्रयास के बाद खराब मालगाड़ी को हटाया गया, जिसके बाद ट्रैक खाली हुआ और ट्रेन परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो सका। इस दौरान यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और असुविधा का सामना करना पड़ा।
धनबाद-सिंदरी रूट पर भी असर
इधर, सिंदरी रेल मार्ग पर चल रहे विकास कार्यों के कारण भी ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। सुबह चलने वाली धनबाद-सिंदरी टाउन पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई, जबकि वापसी की ट्रेन भी नहीं चली। दिन में चलने वाली ट्रेन एक घंटे से ज्यादा देरी से रवाना हुई।
वहीं रात में चलने वाली सिंदरी टाउन-धनबाद पैसेंजर भी करीब एक घंटे देर से खुली और दो घंटे से अधिक विलंब से पहुंची। स्वर्णरेखा एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से काफी देर से चली, जिससे यात्रियों को और परेशानी उठानी पड़ी।

