राजधानी समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

Jharkhand Weather Update: झारखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और कई जगहों पर बारिश (Rain) शुरू हो गई। राजधानी रांची में रात करीब नौ बजे तक बारिश होती रही।

मूसलाधार बारिश की वजह से शहर के कई गली-मोहल्लों में जलजमाव हो गया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार रांची में करीब 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अचानक हुए इस मौसम बदलाव से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य के मौसम में यह बदलाव आया है। विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।

इसे देखते हुए राजधानी रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी समेत 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

वहीं 6 अप्रैल को कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए Orange Alert जारी किया गया है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने 7 से 9 अप्रैल के बीच भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

इधर कोल्हान क्षेत्र में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। जमशेदपुर समेत आसपास के इलाकों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सरायकेला-खरसावां में शुक्रवार को राज्य का सबसे अधिक 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं चाईबासा में 40.0 और डालटेनगंज में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है।

दूसरी ओर हजारीबाग में शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई और दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे लोगों को लाइट जलानी पड़ी। इस बदलाव के बाद वहां तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम में ऐसे उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं।

Hot this week

LPG संकट का असर झारखंड में गहराया, इंडक्शन और गौ-काष्ठ की बढ़ी मांग

Jharkhand Gas Shortage: खाड़ी देशों में जारी संघर्ष के...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img